छत्तीसगढ़/कोरबा-दीपका :- दीपका नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 15 में होने वाले उपचुनाव के लिए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने चंद्रलेखा राज को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
चंद्रलेखा राज पूर्व में एसईसीएल एनसीएच गेवरा प्रोजेक्ट में नर्स के पद पर कार्यरत रही हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे वार्ड क्षेत्र में सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी साफ-सुथरी छवि, सेवा भाव और आम नागरिकों के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
नामांकन दाखिल करने के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कई पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे, जिला मंत्री नोभित साहू, महिला विंग जिलाध्यक्ष चंचल महंत, उपाध्यक्ष सुनीता खूंटे उपस्थित रहीं। वहीं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी, जिला संगठनमंत्री ओम केवट, आनंद वैष्णव तथा प्रस्तावक के रूप में आशीष सिंह राजपूत भी मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वार्ड क्रमांक 15 के समग्र विकास, जनसमस्याओं के निराकरण और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं चंद्रलेखा राज ने वार्डवासियों का आशीर्वाद एवं समर्थन मिलने पर जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।













