HomeBreaking Newsबालको और जिला प्रशासन की बड़ी पहल: फोरलेन सड़क और पुल मरम्मत...

बालको और जिला प्रशासन की बड़ी पहल: फोरलेन सड़क और पुल मरम्मत से बदलेगी बालको क्षेत्र की तस्वीर

छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :-  कोरबा जिले में सड़क विकास और यातायात सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बजरंग चौक से रिसदा पुल (परसाभाठा मार्ग) तक सड़क उन्नयन और पुल मरम्मत कार्य को लेकर प्रशासन और बालको के बीच समन्वय से अब क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत वर्तमान टू-लेन कोलतार सड़क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त फोरलेन सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क में विकसित किया जाएगा। सड़क के बीच डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम और अन्य नागरिक सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। इसके साथ बेलगिरी और रिसदा पुल का मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा, जिससे आम लोगों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
यह मार्ग बालको क्षेत्र के परसाभाठा, नेहरू नगर, भद्रापारा सहित कई ग्रामीण बस्तियों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। यही सड़क जामबहार और रूमगरा समुदाय को जोड़ते हुए बालको-कोरबा और बालको-कटघोरा के बीच एकमात्र प्रमुख संपर्क मार्ग के रूप में उपयोग में आती है। भविष्य में यह सड़क भारत सरकार की भारतमाला परियोजना से भी जुड़ेगी, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण और पुल मरम्मत के बाद ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी सुधार आएगा और दुर्घटनाओं में भी कमी होगी। परियोजना का क्रियान्वयन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
बालको द्वारा पूर्व में भी प्रशासन के सहयोग से लालघाट सड़क, बजरंग चौक से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क नवीनीकरण तथा बालको थाना से सेक्टर-4 वन विभाग बैरियर तक सड़क सुधार जैसे कार्य किए जा चुके हैं। इसके अलावा भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों के लिए विभिन्न पार्किंग सुविधाओं का निर्माण भी कराया गया है।
बालकोनगर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के तहत नेहरू पार्क, बालको स्टेडियम, आधुनिक अस्पताल, विद्यालय, चौड़ी सड़कें, फुटपाथ, फॉरेस्ट वॉक-वे, जुबली पार्क सौंदर्यीकरण और नए इंडियन कॉफी हाउस जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

Must Read