सड़क किनारे व्यवसायियों से व्यवस्थित स्थल पर कारोबार करने की अपील
छत्तीसगढ़/कोरबा :- नगर पालिका निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय बुधवार शाम अपने नियमित भ्रमण के दौरान बुधवारी बाजार के सामने विकसित आनंद बाजार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां विस्थापित किए गए अतिलघु व्यवसायियों से मुलाकात कर उन्हें सुविधायुक्त स्थायी स्थल मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही सम्पूर्ण परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था और पौनी पसारी मैदान को मिनी चैपाटी के रूप में विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। 
नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों, मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर व्यवसाय करने वाले लघु व्यवसायियों के लिए बुधवारी बाजार के सामने पौनी पसारी मैदान के चारों ओर 50 दुकानों का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों का आबंटन संबंधित व्यवसायियों को किया जा चुका है और अधिकांश दुकानों में व्यवसाय भी प्रारंभ हो गया है।
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और दुकानदारों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आनंद बाजार परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि रात्रि के समय व्यवसायियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप देने तथा पुराने प्रवेश मार्ग के चौड़ीकरण के निर्देश भी दिए गए।
पौनी पसारी मैदान बनेगा मिनी चैपाटी
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आनंद बाजार के बीच स्थित मैदान को मिनी चैपाटी के रूप में विकसित करने की योजना पर भी अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मैदान में पेवर ब्लॉक सहित आवश्यक विकास कार्य कर सड़क किनारे लगने वाले ठेलों एवं दुकानों को व्यवस्थित रूप से यहां विस्थापित किया जाए। इससे लघु व्यवसायियों को सुरक्षित एवं स्थायी व्यवसायिक स्थल मिलेगा और मुख्य मार्गों पर यातायात अव्यवस्थित नहीं होगा।
मटका-कुल्हड़ व्यवसायियों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील
आयुक्त ने बुधवारी बाजार के बाहर सड़क किनारे पुनः दुकान लगाने वाले मटका, कुल्हड़ एवं पारंपरिक व्यवसायियों से अपील की कि वे निगम द्वारा आबंटित पौनी पसारी स्थल पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित स्थल उपलब्ध कराया गया है, इसलिए सभी व्यवसायी वहां व्यवसाय कर शहर की यातायात एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि सड़क किनारे दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होता है, जाम की स्थिति बनती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। निगम प्रशासन द्वारा इन समस्याओं के समाधान के लिए व्यवस्थित बाजार व्यवस्था विकसित की जा रही है।













