पीएम सूर्यघर व पीएम स्वनिधि योजना के ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में प्रगति लाने के दिए निर्देश, योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं बैंक – कलेक्टर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैंक प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के परीक्षण एवं स्वीकृति की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री ईशान जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश नाग, लीड बैंक मैनेजर श्री कृष्णा भगत, सीएमओ नगरीय निकाय, बैंक प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आवेदनों का समयबद्ध परीक्षण कर ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों से योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत विभागों से प्रेषित आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही कर स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके।
कलेक्टर ने सम्बंधित अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को योजना की जानकारी देकर आवेदन के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे अधिकतम लाभ सुनिश्चित हो सके।











