छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के टीपी नगर (ट्रांसपोर्ट नगर) चौक में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना एक बार फिर भारी पड़ गया। ट्रैफिक सिग्नल पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रेलर चालक को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में ट्रैफिक सिग्नल लाइट, एडवर्टाइजिंग पोल, काउंटडाउन टाइमर और निगम का कैमरा टूट गया, जिससे लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक स्थित राजस्थानी होटल के सामने ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 7284 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैफिक सिग्नल के एडवर्टाइजिंग पोल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पूरा सिग्नल सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया।
इस संबंध में राघव एडवरटाइजिंग कंपनी में कार्यरत दिनेश कुमार आदित्य (49 वर्ष), निवासी रजगामार गायत्री नगर, की शिकायत पर चौकी सीएसईबी में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 281 बीएनएस, 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी एवं चौकी सीएसईबी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी चालक रामलाल अगरिया (24 वर्ष), निवासी ग्राम परला खतौउहा पारा, थाना बांगो को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रेलर को भी जप्त किया गया। आरोपी को 29 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान जारी
कोरबा पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।











