छत्तीसगढ़/कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक गंभीर और दुखद मोड़ ले लिया, जहां एक नाबालिग बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय मृतक का अपने पुत्र के साथ घरेलू बातों और पैसों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर बालक ने अपने पिता के सिर और चेहरे पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल को जिला चिकित्सालय कोरबा ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 7 अप्रैल 2026 को उनकी मृत्यु हो गई।
मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद थाना उरगा पुलिस ने 28 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 257/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी बालक से पूछताछ कर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए 29 अप्रैल 2026 को बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया।
कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।











