छत्तीसगढ़/कोरबा :- औद्योगिक नगरी कोरबा स्थित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित शिवाय हॉस्पिटल में राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित एक दिवसीय रक्तदान एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर सामाजिक समरसता और जनसेवा का उदाहरण बनकर उभरा। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता से मानव सेवा का महायज्ञ संपन्न हुआ। 
शिविर का आयोजन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. दिविक मित्तल एवं यशा मित्तल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में अस्पताल प्रबंधन और एचआर हेड जतिन डोडेजा की सक्रिय भूमिका रही। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रक्तदान शिविर में सिख समाज, पूज्य सिंधी पंचायत तथा हिन्दू क्रांति सेना सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर रक्तदाताओं और आम नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं रक्त समूह की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
मानवता की सेवा के इस अभियान में 120 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी पहल की। कार्यक्रम के समापन पर शिवाय हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा रक्तदाताओं एवं समाजसेवा में योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह शिविर न केवल रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि विभिन्न समाजों और संगठनों की सहभागिता ने यह भी साबित किया कि मानव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। कोरबा में शिवाय हॉस्पिटल का यह आयोजन सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।











