छत्तीसगढ़/कोरबा :- रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” अभियान के तहत 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 
इसी क्रम में 20 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करतला ब्लॉक स्थित शारदा होटल का निरीक्षण किया। यहां से रसगुल्ले का सैंपल मिलावटी होने की आशंका के चलते जांच के लिए लिया गया। इसी तरह भोला भवानी जलपान गृह से बेसन लड्डू का सैंपल लिया गया।
दोनों खाद्य नमूनों को आवश्यक जांच के लिए रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य प्रतिष्ठानों में की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
















