रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज, कान्हा डेयरी और श्याम बाबा डेयरी में निरीक्षण
छत्तीसगढ़/कोरबा-कटघोरा :- रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपलिंग की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कटघोरा स्थित कान्हा डेयरी और श्याम बाबा डेयरी में कार्रवाई करते हुए पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य विभाग की टीम को दोनों प्रतिष्ठानों में उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता को लेकर आशंका हुई, जिसके बाद पनीर के सैंपल विधिवत लिए गए। इन नमूनों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सात दिवसीय विशेष अभियान के तहत कार्रवाई
छत्तीसगढ़ राज्य में “बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के अंतर्गत 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा महीने की शुरुआत से ही विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभागीय टीम शामिल रही। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि लिए गए पनीर के नमूने निर्धारित खाद्य गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

















