HomeBreaking News"सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान: गुंडा-बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, 11 बदमाशों...

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान: गुंडा-बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, 11 बदमाशों का सत्यापन, सघन पेट्रोलिंग से अपराधियों में हड़कंप

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अभियानात्मक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

- Advertisement -

इसी क्रम में 2 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली एवं चौकी मानिकपुर पुलिस ने नगर निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में व्यापक मोटर साइकिल एवं पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया। पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर, अमरेया पारा सहित अन्य क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रही।

11 गुंडा-बदमाशों के घर पहुंची पुलिस

अभियान के दौरान थाना कोतवाली एवं चौकी मानिकपुर क्षेत्र के 11 निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने सभी को अपराध से दूर रहने, शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी दी। स्पष्ट किया गया कि दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वाहन जांच और जनजागरूकता अभियान

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया। साथ ही आम नागरिकों से नशे से दूर रहने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

अपराधियों पर लगातार रहेगी नजर

कोरबा पुलिस का कहना है कि सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में सक्रिय अपराधियों, निगरानीशुदा बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सघन पेट्रोलिंग, सत्यापन और अभियानात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Must Read