छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के विभिन्न बैंकों के कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में बैंक कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पटले ने कहा कि कैश परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर अपराध या अप्रिय घटना का कारण बन सकती है। इसलिए चालक एवं सुरक्षा गार्ड पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि कैश वैन निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही संचालित की जाए तथा बिना आवश्यकता कहीं भी वाहन न रोका जाए। चालक और सुरक्षा गार्ड पूरे सफर के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। कैश लोडिंग और अनलोडिंग के समय विशेष सावधानी बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की सूचना तत्काल डायल-112, कंट्रोल रूम अथवा निकटतम थाना पुलिस को दी जाए।
इसके अलावा सुरक्षा गार्डों को ड्यूटी के दौरान अपने हथियार एवं अन्य सुरक्षा उपकरण पूरी तरह तैयार रखने, संचार माध्यमों को सक्रिय रखने तथा कैश परिवहन से जुड़ी किसी भी गोपनीय जानकारी को अनधिकृत व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
बैठक के अंत में सभी कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों से सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम एवं अभियानात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।











