छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट, लूट और जानलेवा हमले के मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड तथा लूटी गई ₹60 हजार की नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बालको चौकी रजगामार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के पास वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के रॉड एवं हाथ-मुक्कों से हमला किया, जान से मारने की धमकी दी और उसकी कार में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी के पास रखे ₹60 हजार नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद बालको चौकी रजगामार पुलिस ने अपराध क्रमांक 401/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48), निवासी रजगामार
संदीप खाण्डे (22), निवासी रजगामार
गंगासागर खाण्डे (39), निवासी रजगामार
अरुण खाण्डे (24), निवासी रजगामार
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अपराधियों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाती रहेगी।











