HomeBreaking Newsकटाईनार बस्ती में बूंद-बूंद पानी को मोहताज लोग, फेल बोर के पास...

कटाईनार बस्ती में बूंद-बूंद पानी को मोहताज लोग, फेल बोर के पास फिर शुरू हुई बोरिंग

बाकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 14 में पेयजल संकट बरकरार, शिकायतों के बाद भी जांच नहीं होने का आरोप

छत्तीसगढ़/कोरबा-बांकीमोंगरा :-  बाकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 14 स्थित कटाईनार बस्ती में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र के अनेक परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, वहीं बोरिंग कार्य को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर पहले कराया गया बोरिंग कार्य कुछ ही दिनों में असफल हो गया था, उसके करीब ही पुनः नया बोर खोदा जा रहा है, जबकि बस्ती के उन हिस्सों में आज भी बोरिंग नहीं कराई गई है जहां पानी की सबसे अधिक आवश्यकता है।
समाजसेविका डिंकी कौर ने आरोप लगाया है कि इस संबंध में नगर पालिका परिषद, संबंधित विभागों तथा कलेक्टर जनदर्शन में कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक मामले की न तो निष्पक्ष जांच हुई है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने स्पष्ट जवाब दिया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पूर्व में बड़े दावों के साथ कराया गया बोर कुछ ही दिनों में बंद हो गया था। इसके बावजूद उस कार्य की तकनीकी जांच कराने या जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने के बजाय उसी क्षेत्र में दोबारा बोरिंग कराए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि पहली बार कार्य तकनीकी मानकों और सही सर्वेक्षण के आधार पर कराया गया होता तो दोबारा सरकारी राशि खर्च करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
कटाईनार बस्ती के रहवासियों का कहना है कि पेयजल संकट के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दैनिक उपयोग के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पानी की समस्या को लेकर नगर पालिका से लेकर जनदर्शन तक लगातार गुहार लगाई गई, लेकिन स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ।
डिंकी कौर ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन विभाग तथा प्रधानमंत्री कार्यालय तक भेजी जाएगी। यह क्षेत्र एसईसीएल से प्रभावित क्षेत्र है जहां जिनके लिए खनिज न्यास फंड बना हुआ है बावजूद इसके लापरवाही बढ़ती जा रही है, एसईसीएल भी इस प्रकार के जनहित के मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रहा है ।

- Advertisement -

(नोट : समाचार में उल्लेखित आरोप समाजसेविका डिंकी कौर एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित पार्षद, बाकीमोंगरा नगर पालिका परिषद एवं प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

Must Read