छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला प्रशासन द्वारा राजीव गांधी ऑडिटोरियम, ट्रांसपोर्ट नगर में 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय कर आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। 
कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास और सही कैरियर मार्गदर्शन सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर कैरियर मार्गदर्शन संबंधी संदर्शिका पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसे जिले के सभी विद्यालयों में उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट रखकर निरंतर परिश्रम करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने 10वीं के विद्यार्थियों को विषय चयन तथा विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी दी। वहीं 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने आईटी, चिकित्सा, कृषि, रोजगार, कंप्यूटर शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्वरोजगार के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी अपने कैरियर से जुड़े सवाल पूछकर विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में 10वीं कक्षा के 600 से अधिक विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक शामिल हुए, जबकि दूसरे सत्र में 12वीं के 450 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। दोनों सत्रों में कुल 1047 विद्यार्थी और लगभग 200 अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और विशेषज्ञों के उपयोगी मार्गदर्शन के साथ यह कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम बेहद सफल और सार्थक रहा।













