छत्तीसगढ़/कोरबा :- “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा आमजन तक सीधे पहुंचकर समस्याओं के समाधान के लिए “चलित थाना” का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम पुलिस सहायता केंद्र मणिकपुर क्षेत्र के दादर में आयोजित हुआ।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना रहा, जिसके तहत पुलिस टीम सीधे गांव में पहुंची और अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित कर लोगों की शिकायतें दर्ज कीं। आयोजन के दौरान कुल 3 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही जांच शुरू कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की। साथ ही आपसी समझाइश के माध्यम से कई मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध जागरूक किया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार “चलित थाना” जैसी पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है, ताकि छोटे विवादों का समय रहते समाधान हो सके और लोगों को थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।











