HomeBreaking Newsअगले 24 घंटे बेहद भारी: छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में मूसलाधार बारिश...

अगले 24 घंटे बेहद भारी: छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, प्रशासन सतर्क

छत्तीसगढ़/रायपुर :-  छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 11 जिलों में बहुत भारी बारिश (Very Heavy Rainfall) की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।

- Advertisement -

जिन जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है उनमें बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, रायपुर और सक्ती शामिल हैं। लगातार बारिश के कारण इन जिलों में जलभराव, नदी-नालों के उफान पर आने तथा जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

जनजीवन पर पड़ सकता है असर

मौसम विभाग के अनुसार भारी वर्षा से शहरी क्षेत्रों में जलभराव, ग्रामीण इलाकों में संपर्क मार्ग बाधित होने और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की स्थिति बन सकती है। तेज बारिश के कारण सड़क यातायात प्रभावित होने के साथ ही बिजली आपूर्ति और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की संभावना है।

प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश

संभावित भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासनों को आवश्यक तैयारियां रखने और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय प्रशासन संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

लोगों से की गई यह अपील

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले मार्गों पर वाहन न ले जाएं तथा नदी-नालों और पुल-पुलियों के आसपास जाने से परहेज करें। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है। प्रदेश में लगातार सक्रिय मानसून के चलते आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Must Read