आंगनबाड़ी, स्कूल, प्रधानमंत्री आवास, गोबर गैस संयंत्र और रीपा का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रतीक जैन ने गुरुवार को पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। 
आंगनबाड़ी और स्कूल भवनों की प्रगति का लिया जायजा
सीईओ ने जटगा, पसान, अमलीकुंडा, बिनझरा, कापूबहरा, सिंघिया, कोरबी और तुमान ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया। अमलीकुंडा, कोरबी, जटगा और पसान में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवनों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। 
बायोगैस संयंत्र और स्वच्छता प्रबंधन पर विशेष जोर
बिनझरा में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्थापित बायोगैस (गोबर गैस) संयंत्र का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की गई। वहीं ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) के अंतर्गत बने कचरा संग्रहण शेड का भी जायजा लिया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए एसएलडब्ल्यूएम नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। 
रीपा, वृक्षारोपण और सामुदायिक सुविधाओं का किया निरीक्षण
कापूबहरा में रीपा केंद्र का निरीक्षण कर वहां कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। साथ ही वृक्षारोपण के लिए चिन्हित स्थल का भी अवलोकन किया गया। सिंघिया में सामुदायिक शौचालय की उपयोगिता का परीक्षण करते हुए स्थानीय दुकानदारों से चर्चा की गई तथा दुकानों में चार प्रकार के डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास और डिजिटल सेवा केंद्र पर भी फोकस
सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को जल्द निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित किया। तुमान में अटल डिजिटल सेवा केंद्र और निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जटगा और पसान में भी अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
मैदानी निगरानी बढ़ाने के निर्देश
सीईओ प्रतीक जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर तक रहने वाले पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित मैदानी भ्रमण कर निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करनी होगी तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सीईओ भूपेंद्र सोनवानी, एसडीओ, सब इंजीनियर, तकनीकी सहायक सहित जनपद पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











