ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में देशभर के केमिस्टों का बंद, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एकदिवसीय दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन के अंतर्गत देशभर के करीब 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक शामिल हैं। इसी क्रम में जिला कोरबा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ ने भी बंद की अग्रिम सूचना का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय को सौंपा है।
स्थिति को देखते हुए उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला कोरबा ने आम नागरिकों से आवश्यक सावधानी बरतने और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से रखने की अपील की है।
विभाग ने विशेष रूप से डायबिटीज, बीपी, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिरगी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को नियमित उपयोग में आने वाली दवाइयों का पर्याप्त भंडारण रखने की सलाह दी है। साथ ही अस्थमा इनहेलर, जीवनरक्षक दवाइयां और बच्चों की दवाइयां भी पहले से उपलब्ध रखने कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीज नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। बंद के दौरान आम लोगों को दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला चिकित्सालय और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों को 20 मई को खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा कुछ निजी मेडिकल स्टोर्स भी बंद में शामिल नहीं रहेंगे। इनमें रेडक्रॉस संचालित मेडिकल स्टोर्स और श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स प्रमुख हैं, जहां से आपात स्थिति में दवाइयां प्राप्त की जा सकेंगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिला अस्पताल परिसर, पुराना बस स्टैंड स्थित रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर्स सहित पाली, करतला ब्लॉक के बरपाली, करतला, कटघोरा, पोड़ी उपरोड़ा, कोसाबाड़ी, निहारिका घंटाघर कॉम्प्लेक्स और सीतामढ़ी रोड स्थित भारतीय जन औषधि केंद्रों को खुले रखने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं पुराना बस स्टैंड, कोसाबाड़ी, निहारिका, दीपका और कटघोरा स्थित श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स भी बंद के दौरान संचालित रहेंगे।













