HomeBreaking Newsसेवा संकल्प अभियान के तहत वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के तहत वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन

कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया रक्तदान, एक ही परिसर में मिलीं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्ति पीठ में वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। वहीं महारक्तदान शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

- Advertisement -

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, श्री गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया और नागरिकों से संवाद कर सेवाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली।

एक ही परिसर में मिलीं अनेक स्वास्थ्य सेवाएं

मेगा स्वास्थ्य शिविर में ओपीडी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण, टीबी स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड संबंधी सेवाएं और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। आयुष विभाग की ओर से ओपीडी, पंचकर्म एवं योग संबंधी जानकारी, योगाभ्यास तथा निःशुल्क औषधियों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी की पहचान और उपचार के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। अंगदान एवं नेत्रदान के महत्व की जानकारी देने के लिए विशेष स्टॉल भी लगाया गया।

कलेक्टर सहित 28 लोगों ने किया रक्तदान

स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महारक्तदान शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान किया। जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित कुल 28 लोगों ने स्वस्फूर्त रूप से रक्तदान किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पात्र नागरिकों से आगे आकर रक्तदान अभियान में सहभागिता करने और शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सहज और महत्वपूर्ण माध्यम है।

अंगदान-नेत्रदान के संकल्प से दिया मानव सेवा का संदेश

शिविर में नागरिकों को अंगदान एवं नेत्रदान के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने नेत्रदान तथा काउंसलर श्रीमती वीणा मिस्त्री ने अंगदान का संकल्प लिया। रक्तदान करने वाले तथा अंगदान के लिए संकल्प लेने वाले लोगों को कलेक्टर द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेडक्रॉस नियमावली पुस्तक का विमोचन भी किया गया। पुस्तक में रेडक्रॉस की गतिविधियों, सेवा भावना और मानवीय सहायता से संबंधित जानकारी दी गई है।

पुलिस विभाग ने साइबर जागरूकता की दी जानकारी

शिविर के आयोजन में माय भारत के वॉलंटियर्स ने सक्रिय सहयोग दिया। वॉलंटियर्स ने नागरिकों को विभिन्न स्टॉल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सहायता की तथा शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया।

पुलिस विभाग की ओर से साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदेश और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी भी दी गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य सेवा, जनजागरूकता और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया।

Must Read