छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को दो अलग-अलग ट्रैप कार्रवाई में एक पटवारी और विद्युत विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई रतनपुर तहसील के लालपुर हल्का में की गई, जहां पटवारी भानु चंद्राकर को जमीन के नक्शा बटांकन के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। शिकायतकर्ता अशोक अग्रवाल से पहले 40 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसे सत्यापन के बाद मोलभाव कर 25 हजार रुपये तय किया गया। तहसील कार्यालय रतनपुर में रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी ने आरोपी को दबोच लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई मस्तूरी स्थित सीएसपीडीसीएल कार्यालय में हुई, जहां विभागीय बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को एक किसान से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी किसान की कृषि भूमि में शासन की योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
दोनों मामलों में एसीबी ने रिश्वत की रकम बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी शासकीय कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल शिकायत करें।











