छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शराब पीकर यात्री बस चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बस चालकों पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। वहीं एक बस में नियमों के विपरीत बकरियों का परिवहन किए जाने पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना पसान पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक यात्री बस चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। जांच में बस की डिक्की में नियमों के विपरीत बकरियों का परिवहन भी पाया गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की।
वहीं थाना दर्री क्षेत्र में तेज एवं लापरवाही से बस चलाते हुए दो गुमटियों और एक कार को क्षतिग्रस्त करने वाले चालक की जांच में भी शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से वाहन संचालन करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस की अपील
शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं।
यात्री वाहनों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए करें।
यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध परिवहन की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाना को दें।










