HomeBreaking Newsसाइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन ठगी के 6 लाख रुपये...

साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन ठगी के 6 लाख रुपये सुरक्षित, राशि वापसी की प्रक्रिया शुरू

छत्तीसगढ़/कोरबा :- साइबर पुलिस थाना कोरबा की त्वरित कार्रवाई से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार एक व्यक्ति के छह लाख रुपये सुरक्षित हो गए हैं। पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से संबंधित बैंक खातों में राशि को तत्काल डेबिट फ्रीज कराते हुए पीड़ित की रकम सुरक्षित रखी है। अब वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर राशि वापस दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर नोडल) नीतीश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस थाना कोरबा द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राहुल रात्रे से अज्ञात ठग ने ऑनलाइन माध्यम से छलपूर्वक छह लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर पुलिस ने संबंधित बैंक खातों में उपलब्ध राशि को तत्काल होल्ड करा दिया, जिससे पूरी रकम सुरक्षित हो गई।

फिलहाल साइबर पुलिस नियमानुसार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर होल्ड की गई राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस दिलाने की कार्रवाई कर रही है।

ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे फर्जी निवेश, डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट, लोन फ्रॉड या किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो बिना देर किए 1930 पर कॉल करें, एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें तथा निकटतम पुलिस थाना या साइबर थाना को तत्काल सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, ठगी गई राशि को सुरक्षित कर वापस दिलाने की संभावना उतनी अधिक होगी।

पुलिस ने लोगों से किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते में राशि ट्रांसफर नहीं करने तथा ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, बैंक खाते और एटीएम कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की भी अपील की है।

Must Read