छत्तीसगढ़/कोरबा :- सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 26 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात इकाइयों द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान पकड़े गए चालकों में 05 चार पहिया वाहन चालक तथा 21 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित चालकों को न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की स्थिति में चालक की निर्णय लेने की क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













