HomeBreaking Newsलगातार बारिश से कोरबा तरबतर: औसत वर्षा 409.7 मिमी पहुंची, मिनीमाता बांगो...

लगातार बारिश से कोरबा तरबतर: औसत वर्षा 409.7 मिमी पहुंची, मिनीमाता बांगो जलाशय 71.67% भरा, गेट खुलने की स्थिति नजदीक

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। एक जून से 21 जुलाई तक कोरबा जिले में 409.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, जिले की जीवनरेखा माने जाने वाले मिनीमाता बांगो जलाशय में भी जलभराव तेजी से बढ़कर 71.67 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलाशय का जलस्तर लगातार बढ़ने से निर्धारित स्तर तक पहुंचने पर गेट खोले जाने की संभावना भी बनने लगी है।

- Advertisement -

अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न तहसीलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। सर्वाधिक 539.5 मिलीमीटर वर्षा दर्री तहसील में रिकॉर्ड की गई, जबकि पाली में 480.2 मिमी, पसान में 467.3 मिमी, दीपका में 452 मिमी, कटघोरा में 439.1 मिमी, पोंड़ीउपरोड़ा में 439 मिमी, कोरबा में 421.9 मिमी, बरपाली में 411.8 मिमी, हरदीबाजार में 379 मिमी, भैंसमा में 318.6 मिमी, अजगरबहार में 300.8 मिमी तथा करतला में 267.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

इधर, मिनीमाता बांगो जलाशय में भी लगातार हो रही वर्षा के कारण जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बांगो जलाशय के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के अनुसार वर्तमान में जलाशय का जलस्तर 354.61 मीटर पर पहुंच गया है, जो इसकी कुल क्षमता का 71.67 प्रतिशत है। जलाशय में 359.66 मीटर जलस्तर होने के बाद गेट खोले जाने की संभावना रहती है।

हालांकि फिलहाल जलाशय से गेट खोलने की आवश्यकता नहीं बनी है और विद्युत उत्पादन संयंत्रों को जलापूर्ति नियमित रूप से जारी है। प्रशासन जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी मिलने लगी है। वहीं, जलाशयों और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से जल स्रोतों के समीप नहीं जाने की अपील की है।

Must Read