HomeBreaking Newsबांगो बांध के गेट खुलने की संभावना, हसदेव नदी किनारे रहने वालों...

बांगो बांध के गेट खुलने की संभावना, हसदेव नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट

बाढ़ क्षेत्र से तत्काल हटाएं चल-अचल संपत्तियां, जल संसाधन विभाग ने जारी की चेतावनी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, औद्योगिक इकाइयों, खनिज खदान संचालकों और अन्य संबंधितों के लिए सतर्कता सूचना जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर बांगो बांध माचाडोली से हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है।

- Advertisement -

मिनीमाता हसदेव बांगो बांध संभाग क्रमांक-03 माचाडोली के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि वर्तमान में बांगो जलाशय का जलस्तर 354.61 मीटर पहुंच गया है, जो कुल क्षमता का 71.67 प्रतिशत है। जलाशय का स्तर 359.66 मीटर होने पर बांध के गेट खोले जाने की संभावना बनेगी।

विभाग ने हसदेव नदी के किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्थित सभी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की अपील की है। विशेष रूप से खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी मशीनरी, सामग्री एवं अन्य परिसंपत्तियां तत्काल बाढ़ क्षेत्र से बाहर कर लें।

कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया है कि यदि अचानक बाढ़ की स्थिति बनती है और किसी प्रकार की जन-धन हानि होती है तो उसके लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा। संभावित खतरे को देखते हुए बाढ़ प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

हसदेव नदी के संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड़, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य गांव शामिल हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें तथा नदी किनारे जाने से बचें।

Must Read