HomeBreaking Newsनिजी स्कूलों की महंगी किताबों पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का हमला, DEO...

निजी स्कूलों की महंगी किताबों पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का हमला, DEO ने गठित की जांच टीम

जिलाध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे की शिकायत के बाद तीन प्राचार्यों की टीम ने दीपका के निजी स्कूलों में शुरू की जांच, अनियमितता मिलने पर मान्यता रद्द करने की मांग

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के निजी सीबीएसई स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकों के स्थान पर निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें अनिवार्य कराने के आरोपों को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को शिकायत सौंपे जाने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए तीन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों की टीम गठित कर दी है। टीम ने दीपका क्षेत्र के निजी विद्यालयों में जांच भी शुरू कर दी है।

- Advertisement -

जैनेंद्र कुर्रे ने जांच के दौरान उपस्थित रहकर अधिकारियों के समक्ष अभिभावकों की शिकायतें रखीं। उनका कहना है कि निजी स्कूलों द्वारा महंगी किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है और दोषी स्कूलों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तो जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी आंदोलन करेगी।

पार्टी ने मांग की है कि सीबीएसई के दिशा-निर्देशों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप कक्षा 1 से 8 तक केवल एनसीईआरटी अथवा एससीईआरटी की पुस्तकें लागू की जाएं। साथ ही निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकों की अनिवार्य बिक्री पर रोक लगाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने के लिए सीबीएसई को अनुशंसा भेजी जाए।

जांच के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष जैनेंद्र कुर्रे, जिला सचिव (मानद) डॉ. महावीर यादव तथा छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला संगठन मंत्री ओम केंवट भी मौजूद रहे। संगठन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने और अभिभावकों को न्याय मिलने तक उनका अभियान जारी रहेगा।

Must Read