पर्यावरण संरक्षण में रचा इतिहास, स्वच्छता व सतत विकास के मानकों पर खरे उतरे स्टेशन
छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल के 09 प्रमुख रेलवे स्टेशनों—जिनमें कोरबा स्टेशन भी शामिल है—को अंतरराष्ट्रीय स्तर का ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
यह प्रतिष्ठित प्रमाणन एक सघन और बहुस्तरीय ऑडिट प्रक्रिया के बाद प्रदान किया गया, जिसमें स्टेशनों की स्वच्छता व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और पर्यावरण जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण मानकों का गहन परीक्षण किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (EnHM) एवं वाणिज्य विभाग के समन्वित प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी। सभी विभागों के सहयोग से स्टेशनों पर पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएं रिकॉर्ड समय में लागू की गईं।
प्रमाणन प्राप्त करने वाले स्टेशनों में बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, कोरबा, अनूपपुर, पेंड्रारोड, शहडोल, उमरिया और अंबिकापुर शामिल हैं, जिन्होंने स्वच्छता एवं हरित प्रबंधन के उच्च मानकों को अपनाते हुए यह उपलब्धि हासिल की।











