HomeBreaking Newsबरसात से पहले अधूरे प्रधानमंत्री आवास पूरे कराए सरकार, हजारों गरीब परिवारों...

बरसात से पहले अधूरे प्रधानमंत्री आवास पूरे कराए सरकार, हजारों गरीब परिवारों की बढ़ी चिंता : जयसिंह अग्रवाल

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग करते हुए कहा है कि सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर अनेक हितग्राही आज भी अपनी दूसरी और तीसरी किस्त के इंतजार में हैं।
जारी प्रेस नोट में उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में करीब एक हजार ऐसे परिवार हैं, जिनके आवास निर्माण कार्य शुरू तो हो चुके हैं और उन्हें पहली किस्त की राशि भी मिल चुकी है, लेकिन इसके बाद की किश्तें लंबे समय से जारी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य बीच में ही रुक गया है। कई परिवारों ने पुराने मकानों को तोड़कर नए आवास का निर्माण शुरू किया था, लेकिन अब धनराशि के अभाव में उनके घर अधूरे पड़े हैं और उन्हें गंभीर आवासीय संकट का सामना करना पड़ रहा है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि शासन के सामने वित्तीय संसाधनों की समस्या है तो नए आवासों की घोषणा करने से पहले पहले से स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों को पूरा करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सरकार लगातार नई घोषणाएं कर रही है, जबकि हजारों गरीब परिवार वर्षों से अपनी अगली किस्त की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम सिर पर है और कई हितग्राहियों के सिर पर अभी तक पक्की छत नहीं है। ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए लंबित दूसरी एवं तीसरी किस्त की राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि गरीब परिवार अपने अधूरे मकानों का निर्माण पूरा कर सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जी सकें।
पूर्व मंत्री ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1, 4, 10, 19, 20, 22 और 36 के अनेक हितग्राही दूसरी और तीसरी किस्त के लिए लंबे समय से प्रतीक्षारत हैं। इनमें सोमनाथ महतो, सोनकुमारी यादव, पिंकी देवी साव, रीना राजपूत, राधा बाई, मीनी देवी, बीना विश्वकर्मा, युगल किशोर बरेठ, शैल बरेठ, मन्नू विश्वकर्मा, राजू निषाद, सुष्मा टोप्पो और कृष्णा बाई निर्मलकर सहित कई अन्य हितग्राही शामिल हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि लंबित किश्तों का शीघ्र भुगतान कर प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए, जिससे गरीब परिवारों को बारिश के मौसम में राहत मिल सके।

Must Read