शिक्षा विभाग और आदिवासी विकास विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश, पीएमजीएसवाई की संधारण अवधि पूरी कर चुकी सड़कों की बनेगी सूची,
दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क-पुल निर्माण में तेजी, स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले के शत-प्रतिशत पात्र अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन सही तरीके से भरवाए जाएं और उन्हें आवेदन प्रक्रिया एवं अंतिम तिथि की समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न हो।
बैठक में पीएमओ, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को विभागीय फाइलों का प्रेषण अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से करने को कहा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के शेष कर्मचारियों की ई-एचआरएमएस में ऑनबोर्डिंग 31 अगस्त तक पूर्ण कराने तथा इसकी पूर्णता का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संधारण अवधि पूरी कर चुकी पीएमजीएसवाई सड़कों की बनेगी सूची
कलेक्टर श्री दुदावत ने पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम हरदेवा में हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान सामने आए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुराने पुल की तुलना में बड़े नए पुल के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम सरमा में पीडब्ल्यूडी के पुल की मरम्मत का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि पीएमजीएसवाई के अंतर्गत ऐसी सभी सड़कों की सूची तैयार की जाए, जिनकी संधारण अवधि समाप्त हो चुकी है। इससे इन सड़कों के आवश्यक संधारण एवं मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से कराए जा सकेंगे।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को आईटीआई रामपुर में शेष मरम्मत कार्यों को आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नवोदय विद्यालय से संबंधित लंबित कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। विद्युत विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के कार्यों का सत्यापन कर भुगतान के निर्देश
जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुकी योजनाओं का जनपद सीईओ के समन्वय से सत्यापन कराने के बाद भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को एकलव्य आवासीय विद्यालय छुरी में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्य में गंभीरता नहीं बरतने पर कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता, पीएचई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। इसके बाद सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों (बीआरसी) से विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता का प्रमाण-पत्र प्राप्त करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो
उन्होंने वीबी रामजी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आवश्यक कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम को सीमांकन से संबंधित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने विकसित भारत माय भारत युवा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं संबंधित नोडल अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों की टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच में तेजी लाने तथा इस कार्य में सरपंच एवं सचिवों का सहयोग लेने को कहा।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने समारोह के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह व्यवस्थित, गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












