HomeBreaking Newsदीपका का गौरव पथ एक महीने में ही बदहाल: उखड़ी सड़क, जलभराव...

दीपका का गौरव पथ एक महीने में ही बदहाल: उखड़ी सड़क, जलभराव और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

लाखों की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, थाना चौक से रेलवे फाटक तक आवागमन मुश्किल; नागरिकों ने तत्काल मरम्मत और नाली सफाई की उठाई मांग

छत्तीसगढ़/दीपका-कोरबा :-  नगर पालिका दीपका द्वारा लाखों रुपये की लागत से तैयार कराया गया गौरव पथ मार्ग निर्माण के महज एक महीने बाद ही बदहाल नजर आने लगा है। थाना चौक से लेकर दीपका रेलवे फाटक तक हाल ही में किए गए डामरीकरण की परत कई स्थानों पर उखड़ गई है, जबकि रेलवे फाटक के समीप सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे प्रतिदिन हजारों राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।     
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग दीपका कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। सड़क निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन इतनी कम अवधि में ही सड़क का जर्जर हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नागरिकों का आरोप है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हुआ होता तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती।
स्थिति को और गंभीर बनाने वाली समस्या जाम नालियां हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क किनारे की नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बारिश और गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। जलभराव के चलते गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। रात के समय यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक साबित हो रहा है।
नागरिकों ने यह भी आशंका जताई है कि लगातार जलभराव से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। उनका कहना है कि सड़क और नालियों की समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि गौरव पथ की क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल उच्च गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराई जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जाम नालियों की सफाई कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों का कहना है कि वे नियमित रूप से कर का भुगतान करते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिलना उनका अधिकार है। अब लोगों की निगाहें नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Must Read