HomeBreaking Newsराम मंदिर में चढ़ावे की पारदर्शिता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष...

राम मंदिर में चढ़ावे की पारदर्शिता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

कोरबा में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की प्रेसवार्ता, ट्रस्ट के ऑडिट और दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग

छत्तीसगढ़/कोरबा :- पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने रविवार को कोरबा में आयोजित प्रेसवार्ता में राम मंदिर में कथित चोरी और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि उनका सवाल भगवान श्रीराम पर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर में चढ़ाए गए दान की पारदर्शिता से जुड़ा हुआ है।
आस्था का सम्मान, पारदर्शिता से ही संभव’
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर में चढ़ाया गया प्रत्येक दान श्रद्धालुओं की अमानत है। यदि चढ़ावे और बहुमूल्य धरोहरों को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में या किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने की मांग की।
ऑडिट और डिजिटल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग
पूर्व मंत्री ने कहा कि सरकार को मंदिर ट्रस्ट का ऑडिट, स्टॉक रजिस्टर, डिजिटल रिकॉर्ड तथा दान का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के मन में किसी प्रकार की शंका न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदार अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान तभी संभव है, जब मंदिर से जुड़े सभी वित्तीय और प्रशासनिक कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हों।

Must Read