पेंशन से लेकर वेतन तक पर नाराजगी: जिला-जनपद पंचायत कर्मचारियों ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ जिला-जनपद पंचायत कर्मचारी संघ की प्रांतीय बैठक में कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी हड़ताल करेंगे और अपने अधिकारों की लड़ाई न्यायालय तक ले जाएंगे।
कोरबा में आयोजित प्रांतीय बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन, नियमित वेतन भुगतान, शासकीय कर्मचारियों के समान सुविधाएं तथा अन्य लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सरकार को दिए ज्ञापन पर जल्द निर्णय की मांग
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा को सौंपे गए ज्ञापन पर यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें पेंशन सहित कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है।
हड़ताल के बाद हाईकोर्ट जाने की तैयारी
संघ ने बैठक में यह भी फैसला लिया कि मांगों की अनदेखी होने पर पहले प्रदेशव्यापी हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो कर्मचारी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। संघ ने सरकार से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेकर विवाद का समाधान करने की अपील की है।











