जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में सख्ती, 31 अगस्त तक नल कनेक्शन सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जल जीवन मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा नहीं किए जाने पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जल जीवन मिशन की मासिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की धीमी प्रगति और पूर्ण कार्यों के भुगतान में हो रही देरी को गंभीरता से लिया।
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता और एसडीओ को निर्देश दिए कि 31 अगस्त तक पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के प्रत्येक घर में नल कनेक्शन का सत्यापन कर भुगतान के लिए फाइल प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सत्यापन अथवा भुगतान की प्रक्रिया लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, क्रेडा और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं का संयुक्त सत्यापन कराने के निर्देश दिए। भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप परियोजनाओं का सत्यापन नहीं होने और कार्यों की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
गांववार प्रगति का देना होगा ब्यौरा
कलेक्टर ने लक्षित योजनाओं के तहत प्रत्येक विकासखंड के एक-एक गांव में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण स्लाइड के माध्यम से तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तुतीकरण में पानी की टंकी की स्थिति, नल कनेक्शनों की संख्या, जल स्रोत, विद्युत कनेक्शन और ट्रांसफार्मर की स्थिति के साथ संबंधित कार्यों के फोटोग्राफ भी शामिल करने को कहा गया। यह जानकारी 17 अगस्त तक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी बैठक में गांववार कार्यों की समीक्षा की जा सके।
एतमानगर की बंद मल्टी विलेज स्कीम जल्द शुरू कराने के निर्देश
कलेक्टर ने एतमानगर क्षेत्र में बंद पड़ी मल्टी विलेज स्कीम के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में परियोजना के कार्यों का निरीक्षण करने की बात कही। साथ ही जिले के एक विकासखंड को हर घर जल घोषित करने की दिशा में आवश्यक कार्य पूरे करने तथा जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्रेडा के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति तथा जल संसाधन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, क्रेडा के नीलेश श्रीवास्तव, जल संसाधन विभाग के एस.एल. द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












