HomeBreaking Newsपत्रकार हमले का मामला: महीनों बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर, न्याय...

पत्रकार हमले का मामला: महीनों बाद भी आरोपी गिरफ्त से बाहर, न्याय की उम्मीद में पीड़ित

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी में युवा पत्रकार अरविंद राठौर के साथ हुई मारपीट, लूट और जानलेवा हमले की घटना को कई माह बीत चुके हैं, लेकिन मामले में मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लंबे समय से कार्रवाई लंबित रहने के कारण पीड़ित पत्रकार और उनके साथियों में मामले के जल्द निराकरण की उम्मीद बनी हुई है।

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार, बुधवारी बायपास क्षेत्र में एएसआई के बेटे को बोलेरो वाहन से कुचलने के आरोप से जुड़ी घटना की जानकारी जुटाने और आरोपियों का पीछा करने के दौरान पत्रकार अरविंद राठौर को बलगी क्षेत्र में रोक लिया गया था। आरोप है कि वहां करीब 14 से 15 युवकों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट की। पीड़ित ने हथियारनुमा वस्तु दिखाकर धमकाने तथा उनके पास मौजूद नकदी, आईफोन और सोने के जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया था।

हमले में घायल पत्रकार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मामले की जांच शुरू की गई। हालांकि, कई माह गुजरने के बावजूद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मामले को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की संख्या अधिक बताई गई है, ऐसे में मामले की जांच किस स्तर तक पहुंची है और अब तक कितने आरोपियों की पहचान हुई है, इसकी जानकारी सामने आना आवश्यक है। पत्रकार समुदाय भी चाहता है कि मामले की जांच निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से आगे बढ़े तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच कब पूरी होती है और घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है। पीड़ित पत्रकार को भी न्याय मिलने की प्रतीक्षा है।

Must Read