छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल परिसर के समीप भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित तीन अन्य लोगों ने स्टील रॉड से हमला कर भाजपा नेता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके दोनों पैर टूट गए, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। 
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे तथा घायल नेता का हालचाल जाना। घटना के बाद अस्पताल परिसर में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले ने बताया कि मारपीट की घटना के संबंध में अपराध दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। प्रकरण की जांच जारी है।











