HomeBreaking Newsबर्थडे पार्टी बनी मौत की वजह: मामूली विवाद में युवक ने बोलेरो...

बर्थडे पार्टी बनी मौत की वजह: मामूली विवाद में युवक ने बोलेरो कैंपर से कुचलकर दोस्त की ली जान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसॉर्ट में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही साथी को बोलेरो कैंपर से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 जुलाई 2026 की रात दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने मित्र विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए मीरा रिसॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल दीवान के बीच कहासुनी हो गई। उस समय साथियों ने दोनों को शांत करा दिया, लेकिन विवाद यहीं समाप्त नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि पार्टी समाप्त होने और रिसॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद बाहर सड़क पर दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। इसी दौरान तुषार ढांडा ने गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर उज्ज्वल दीवान की ओर दौड़ा दी। वाहन की जोरदार टक्कर से उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद आरोपी बोलेरो कैंपर लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं साथियों ने घायल उज्ज्वल को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

Must Read