HomeBreaking Newsजनदर्शन की शिकायत पर आबकारी विभाग का छापा, ढाबा संचालक से 40...

जनदर्शन की शिकायत पर आबकारी विभाग का छापा, ढाबा संचालक से 40 पाव देशी शराब जब्त

कुसमुंडा क्षेत्र में कार्रवाई, ढाबा संचालक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया; नवंबर में अब तक अवैध शराब के 134 प्रकरण दर्ज

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के जनदर्शन में मिली शिकायत के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने कुसमुंडा क्षेत्र स्थित बबली होटल एवं ढाबा में कार्रवाई की। यहां से संचालक पदुमदास के कब्जे से 7.2 लीटर देशी प्लेन मदिरा यानी 40 पाव शराब जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

- Advertisement -

यह कार्रवाई 26 नवंबर को सहायक आयुक्त आबकारी श्री रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी श्रीमती जया मेहर के नेतृत्व में की गई। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है।

नवंबर में अब तक 134 प्रकरण दर्ज

आबकारी विभाग के अनुसार नवंबर माह में जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ शराब और 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 19 हजार 748 रुपये बताया गया है।

इस दौरान अवैध शराब से जुड़े कुल 134 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं गैरजमानती अपराधों में संलिप्त 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

शिकायतों पर जारी रहेगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त आबकारी श्री रविशंकर यादव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परोसने से संबंधित शिकायतों पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने वृत्त क्षेत्रों में अवैध मदिरा बिक्री और लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Must Read