HomeBreaking News14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस, 13 अगस्त को...

14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के लिए शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति से जुड़े आयोजन

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  भारत विभाजन की त्रासदी और उससे प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने के उद्देश्य से 14 अगस्त को जिले में “भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस” मनाया जाएगा। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 14 अगस्त को शाम 4 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में भारत विभाजन से प्रभावित दिवंगत जनों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को विभाजन की दुखद वास्तविकताओं से अवगत कराना तथा प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन करना है। जिले के शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों, हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में भी प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, व्याख्यान, परिचर्चा और वृत्तचित्र प्रदर्शन सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे।
13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को कोरबा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा दोपहर 3 बजे सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड से ओपन थियेटर, घंटाघर तक जाएगी। इसमें शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय एवं स्कूलों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, प्राचार्य, युवा, गणमान्य नागरिक एवं आमजन शामिल होंगे।
9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के विकासखंडों और शैक्षणिक संस्थानों में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘वंदे मातरम्’ थीम पर विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान, तिरंगा मेला और विशेष प्रदर्शनियां शामिल हैं।
कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
जिले में भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के कार्यक्रमों के सुचारू संचालन एवं समन्वय के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
इसी तरह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शहरी क्षेत्र में आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा तथा ग्रामीण क्षेत्र में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान का प्रभावी संचालन करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Must Read