छत्तीसगढ़/रायपुर :- छत्तीसगढ़ के शिक्षामंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया गया है कि उन्होंने रात को ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस्तीफा सौंप दिया था। इस्तीफा देने के बाद गुरुवार को वे अपने गृहक्षेत्र प्रतापपुर पहुंचे। गोविंदपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस्तीफा दिया नहीं जाता, ले लिया जाता है। मंत्रिमंडल से हटाए जाने का दुख उनके चेहरे से स्पष्ट नजर आया। उन्होंने कहा कि आगे चुनाव में काम करना है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘मंत्री पद पर किसी को रखना और नहीं रखना ये मुख्यमंत्री के विवेकाधिकार पर निर्भर करता है। मुख्यमंत्री पूरे राज्य के होते हैं। मुझसे कहा गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का निर्देश है कि आपको इस्तीफा देना है। इस्तीफा दिया नहीं जाता है, उसे लिया जाता है। इस्तीफा देने की जो प्रक्रिया है उसका पालन किया गया है।’ वहीं, जब उनसे चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा और मंत्रिमंडल में फेरबदल से को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हां, ये सब ठीक है। चलता रहता है। ये संगठन और पार्टी की प्रक्रिया है।’ आदिम जाति कल्याण मंत्री और स्कूली शिक्षा मंत्री रहे डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि किसे मंत्री रखना है किसे नहीं रखना यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है मुझसे कहा गया कि मंत्री पद से त्यागपत्र दे दो मैंने दे दिया। वैसे भी डॉक्टर प्रेम साय के बारे में लगातार शिकायतें ऊपर तक पहुँच रही थीं।एक बार तो कांग्रेस के विधायक बृहस्पति सिंह ने तो प्रेम साय पर सीधे तौर पर बयान दे डाला था। प्रेम साय वैसे तो टी एस सिंहदेव गुट के थे। लेकिन पद पाते ही सिंहदेव से दूरी बना ली थी। इससे टी एस सिंहदेव और इनका खेमा भी अंदर ही अंदर प्रेम साय से बेहद नाराज़ चल रहा था। प्रेमसाय सिंह टेकाम के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अब सरकार में मंत्री बनेंगे 14 जुलाई को राजभवन में बतौर मंत्री पद की शपथ लेंगे ।


















