HomeBreaking Newsहोली पर खिला मानवता का रंग: पुलिस ने वृद्धाश्रम पहुंचकर खेली फूलों...

होली पर खिला मानवता का रंग: पुलिस ने वृद्धाश्रम पहुंचकर खेली फूलों की होली, लिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़/कोरबा :- उम्र के अंतिम पड़ाव पर जब कई वृद्धजन अपनों से दूर होकर अकेलेपन का जीवन जीने को मजबूर हो जाते हैं, ऐसे में कोरबा पुलिस का परिवार उनके लिए सहारे और अपनत्व की छांव बनकर सामने आ रहा है। तीज-त्योहार हो या राष्ट्रीय पर्व, पुलिस परिवार ऐसे अवसरों पर वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उन्हें सम्मान, स्नेह और अपनापन देने का प्रयास करता है।   

- Advertisement -

होली के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशांति आश्रम में एक आत्मीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एएसपी लखन पटले, कटघोरा एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर, सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी और कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय आश्रम पहुंचे और वृद्धजनों के साथ फूलों की होली खेलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।   

पुलिस अधिकारियों के इस स्नेहिल व्यवहार से आश्रम का माहौल भावनात्मक हो उठा। वृद्धजनों ने भी पुलिस अधिकारियों को अपने बच्चों की तरह स्नेह दिया और दिल से आशीर्वाद प्रदान किया। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे उनके सुख-दुख में हमेशा परिवार की तरह साथ खड़े रहेंगे। होली खेलने के बाद सभी वृद्धजनों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने भी उनके साथ बैठकर भोजन किया।

इस आयोजन में सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई विभव तिवारी सहित पुलिस स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एएसआई विभव तिवारी अपनी संवेदनशील कार्यशैली के लिए शहर में पहले से ही पहचान बना चुके हैं। कभी वे ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए बाइक सवारों को गुलाब का फूल देकर जागरूक करते नजर आते हैं, तो कभी सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय देते हैं। समाज सेवा और संवेदनशीलता से जुड़े ऐसे कई कार्यों के कारण उनकी एक अलग पहचान बन चुकी है ।   

Must Read