छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिलेभर में ऐसे दिव्यांगजनों की पहचान के लिए विशेष सर्वे अभियान प्रारंभ किया गया है, जिन्हें निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों की आवश्यकता है। यह अभियान महावीर जैन सेवा संस्थान, जयपुर के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
इस सर्वे के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को कृत्रिम हाथ-पैर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकर, चश्मा सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी जरूरतमंद दिव्यांगजन सुविधा और सहायता से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने नगर निगम, जनपद पंचायतों एवं सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर शीघ्र सर्वे कार्य पूर्ण करें। सर्वे के दौरान हितग्राही का नाम, पता, दिव्यांगता का प्रकार, दिव्यांगता प्रतिशत तथा मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी।
प्रशासन द्वारा तैयार की गई सूची को “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत आयोजित शिविरों में समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर जमा किया जाएगा, ताकि चयनित हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन ने इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।













