HomeBreaking Newsबाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी, बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाने...

बाल विवाह रोकना हम सभी की जिम्मेदारी, बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाने आगे आएं : कलेक्टर कुणाल दुदावत

27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का होगा आयोजन, बाल विवाह के विरोध में ली जाएगी सामूहिक शपथ

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए अब सामूहिक भागीदारी की जरूरत है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से बाल विवाह की रोकथाम के लिए आगे आने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में भी गंभीर बाधा है। इसका सीधा असर बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य पर पड़ता है।

- Advertisement -

कलेक्टर ने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 नवंबर 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।

कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले के नागरिकों, समाजसेवियों और समाज के सभी वर्गों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि बाल विवाह न करने और इसके खिलाफ दृढ़ता से आवाज उठाने की सामूहिक शपथ ली जाए।

उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागी बनें और अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लें। बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

Must Read