फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सएप के जरिए भेजता था आपत्तिजनक फोटो व मैसेज, कोरबा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दी दबिश, आरोपी जेल दाखिल
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर पत्नी और उसके परिजनों को अश्लील संदेश एवं आपत्तिजनक फोटो भेजकर प्रताड़ित करने तथा जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को कोरबा पुलिस ने बलौदाबाजार जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से लगातार पीड़िता और उसके परिजनों को परेशान कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा घर से निकाल दिए जाने के बाद उसका पति व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उसे तथा उसके परिजनों को लगातार अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश और फोटो भेज रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 296 एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले में आईटी एक्ट की धाराएं शामिल होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम विवेचना की जिम्मेदारी सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र, थाना सिविल लाइन की टीम को सौंपी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव एवं सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी तथा स्टाफ ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिपोर्ट (सीडीआर) सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच में मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खोरसीनाला, पनगांव, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में दबिश देकर आरोपी अश्थेश्वर रात्रे (24 वर्ष), पिता मनाराम रात्रे को गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राम खोरसीनाला पनगांव, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल में प्रकरण से संबंधित व्हाट्सएप चैट और इंस्टाग्राम संदेशों के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उसे जेल दाखिल करा दिया गया।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लिया जाता है। सोशल मीडिया अथवा अन्य डिजिटल माध्यमों से अश्लील संदेश भेजने, किसी की छवि धूमिल करने या धमकी देकर प्रताड़ित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा है कि ऐसे मामलों में पीड़िता की पहचान और निजता गोपनीय रखी जाती है।












