सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मामला, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। बालिका की मां की शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 991/2026 दर्ज कर संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। इस दौरान पीड़िता और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल अटल आवास खरमोरा का निरीक्षण किया गया तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया गया। साक्ष्य संकलन के लिए सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई। इसके साथ ही संबंधित गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पीड़िता के कथनों के आधार पर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपी संतोष दास महंत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई तथा स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 10 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण अथवा प्रताड़ना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और गोपनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।












