कोरबा के पथाड़ी स्थित लैंको अमरकंटक पावर प्रोजेक्ट में लौटी रौनक, 250 से अधिक इंजीनियरों की दो साल की मेहनत लाई रंग; दूसरी यूनिट शुरू होने पर स्टेशन की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,920 मेगावाट होगी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- करीब एक दशक से अधूरा पड़ा कोरबा जिले के पथाड़ी गांव का बड़ा बिजली प्रोजेक्ट आखिरकार फिर से उत्पादन की राह पर लौट आया है। अदाणी पावर ने लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड के 1,320 मेगावाट क्षमता वाले विस्तार प्रोजेक्ट की पहली 660 मेगावाट यूनिट सफलतापूर्वक शुरू कर दी है। लंबे समय से ठप पड़े इस प्रोजेक्ट को दोबारा खड़ा करना तकनीकी रूप से बड़ी चुनौती थी, लेकिन करीब दो साल की लगातार मेहनत और 250 से अधिक इंजीनियरों की टीम ने इसे हकीकत में बदल दिया।
इस परियोजना को पूरा करने के दौरान विभिन्न भारतीय उपकरण निर्माता कंपनियों, तकनीकी साझेदारों और हजारों कर्मचारियों ने योगदान दिया। निर्माण कार्य के सबसे व्यस्त दौर में करीब 10 हजार लोग परियोजना स्थल पर काम कर रहे थे। अब पहली यूनिट के शुरू होने के बाद दूसरी 660 मेगावाट यूनिट को भी आगामी कुछ महीनों में चालू करने की तैयारी की जा रही है।
एनसीएलटी प्रक्रिया से अधिग्रहण के बाद शुरू हुई नई कहानी
अगस्त 2024 में अदाणी पावर ने एनसीएलटी प्रक्रिया के माध्यम से 4,101 करोड़ रुपये में लैंको अमरकंटक पावर लिमिटेड का अधिग्रहण किया था। उस समय कंपनी का 600 मेगावाट क्षमता वाला बिजली संयंत्र चालू था, जबकि 1,320 मेगावाट का विस्तार प्रोजेक्ट लंबे समय से अधूरा पड़ा था।
इस विस्तार परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन वर्ष 2016 से काम बंद था। लंबे समय तक निर्माण ठप रहने के कारण मशीनों, उपकरणों और प्लांट के विभिन्न हिस्सों की स्थिति का नए सिरे से आकलन करना पड़ा। कई महत्वपूर्ण तकनीकी दस्तावेज और इंजीनियरिंग ड्रॉइंग भी उपलब्ध नहीं थीं। ऐसे में पुराने ढांचे को समझकर उसे दोबारा उत्पादन के योग्य बनाना आसान नहीं था।
अदाणी पावर की इंजीनियरिंग टीम ने बॉयलर, टर्बाइन-जनरेटर, विद्युत उपकरण, कोयला आपूर्ति व्यवस्था और जल प्रणालियों सहित प्लांट के प्रमुख हिस्सों की विस्तृत जांच की। जहां पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे, वहां मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर नए तकनीकी दस्तावेज और डिजाइन तैयार किए गए। बिजली उत्पादन के बाद उसे ग्रिड तक पहुंचाने के लिए आवश्यक ट्रांसमिशन व्यवस्था भी विकसित की गई।
एक-एक कर मशीनों और तकनीकी प्रणालियों को दुरुस्त किया गया और वर्षों से ठप पड़ा प्रोजेक्ट आखिरकार बिजली उत्पादन के मुकाम तक पहुंच गया।
दूसरी यूनिट शुरू होते ही 1,920 मेगावाट होगी कुल क्षमता
फिलहाल 660 मेगावाट की पहली यूनिट शुरू हो चुकी है। दूसरी यूनिट के भी चालू होने के बाद इस स्टेशन की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 1,920 मेगावाट हो जाएगी। इसमें पहले से संचालित 600 मेगावाट क्षमता और विस्तार परियोजना की दोनों 660 मेगावाट यूनिट शामिल होंगी। इससे छत्तीसगढ़ सहित बिजली व्यवस्था को अतिरिक्त उत्पादन क्षमता उपलब्ध होगी।
बिजली परियोजना के साथ गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
अदाणी पावर की इस परियोजना के साथ अदाणी फाउंडेशन ने आसपास के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़ी गतिविधियां भी शुरू की हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में 24 गांवों के 50 सरकारी स्कूलों में 4,200 स्कूल किट वितरित की गई हैं। नौ स्कूलों में 220 ड्यूल डेस्क उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 15 स्कूलों में आरओ वाटर फिल्टर लगाए गए हैं। इनका लाभ 1,800 से अधिक विद्यार्थियों और कर्मचारियों को मिल रहा है। तीन स्कूलों में शौचालय निर्माण कराया गया है, जिससे 800 से अधिक विद्यार्थियों को सुविधा मिली है। इसके अलावा कोरबा में शिक्षा और विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए साइंस एंड कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है।
11 गांवों के 18 आंगनवाड़ी केंद्रों में भी आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। प्रोजेक्ट उड़ान के माध्यम से आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों को बिजली उत्पादन की प्रक्रिया समझने के लिए पावर प्लांट का भ्रमण कराया जा रहा है। अक्टूबर 2025 से अब तक 164 भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें 8,281 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया है।
18 गांवों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवाएं, 17 हजार लोगों को लाभ
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए जून 2025 से आसपास के 18 गांवों में मोबाइल स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। अब तक करीब 17 हजार लोगों को इन सेवाओं का लाभ मिल चुका है। छह मल्टी-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए हैं। आंखों की जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही हैं। जरूरतमंद लोगों को दैनिक जीवन में सहूलियत देने के लिए 65 सहायक उपकरण भी वितरित किए गए हैं।
15 गांवों में 240 सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन हुए रास्ते
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 11 ग्राम पंचायतों के 15 गांवों में 240 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। इससे 25 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिल रहा है। वहीं, गांवों के बाजार और हाट क्षेत्रों में पांच सोलर हाईमास्ट लाइट भी स्थापित की गई हैं।
कोरबा के पथाड़ी में शुरू हुई 660 मेगावाट की पहली यूनिट केवल एक बिजली परियोजना का दोबारा शुरू होना नहीं है, बल्कि वर्षों से अधूरे पड़े औद्योगिक निवेश को फिर से गति मिलने का भी संकेत है। अब सबकी नजर दूसरी यूनिट के शुरू होने पर है, जिसके बाद यह बिजली स्टेशन 1,920 मेगावाट की कुल स्थापित क्षमता के साथ अपनी नई पहचान बनाएगा।












