मंच से योगगुरु का तीखा हमला, बोले- धर्म के नाम पर ढोंग, आडंबर और लोगों को गुमराह करने का धंधा नहीं चलेगा; भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना को बताया मर्यादा के खिलाफ
एजेंसी :- भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर उठे विवाद के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने बिना नाम लिए कथावाचकों पर निशाना साधा, लेकिन उनके बयान को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कथावाचकों को पाखंडी और धूर्त तक कह दिया ।
https://x.com/Rameshbhimtal/status/2124792100441252321?a=HD0n99kJaaqMPC5Nzl8&s=20
रामदेव ने सवाल उठाया कि जो लोग वेद, उपनिषद, दर्शन, रामायण और महाभारत का अध्ययन तक नहीं करते, वे सनातन धर्म की रक्षा का दावा कैसे कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि कुछ लोग मंच पर खड़े होकर बिना जानकारी के कुछ भी बोलते रहते हैं और फिर सनातन तथा हिंदू धर्म को बचाने की बात करते हैं।
‘वेद नहीं पढ़े, महाभारत नहीं पढ़ी और बन गए सनातन के रक्षक’
बाबा रामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोगों ने न वेद पढ़े हैं, न दर्शन और उपनिषद का अध्ययन किया है। न रामायण की समझ है और न महाभारत की। यहां तक कि संविधान और लोकतंत्र की भी जानकारी नहीं है, लेकिन मंचों से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सनातन धर्म के नाम पर भीड़ को उत्तेजित करना और लोगों को भ्रमित करना उचित नहीं है।
भूत-प्रेत के नाम पर ठगी का भी उठाया मुद्दा
रामदेव ने धर्म के नाम पर अंधविश्वास फैलाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराकर ठगने का काम किया जाता है। थोड़े नाटकीय अंदाज और दिखावे से लोगों के मन में भय पैदा कर दिया जाता है और फिर पानी छिड़ककर समस्या दूर करने का दावा किया जाता है। उन्होंने ऐसे तौर-तरीकों को ढोंग और पाखंड बताते हुए लोगों से इनसे दूर रहने की अपील की।
राम और कृष्ण की तुलना पर जताई कड़ी आपत्ति
योगगुरु रामदेव ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के स्वरूप और अवतारी शक्तियों को लेकर हंसी-मजाक की भी एक मर्यादा होती है। उनके मुताबिक, भगवान राम को महान और श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताकर तुलना करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले समझाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन जब बात नहीं समझ आती तो मंच से अपनी बात रखनी पड़ती है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करते हुए कथित तौर पर कहा था कि राम सीधे हैं, जबकि कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं और उनकी खड़े होने की मुद्रा भी टेढ़ी होती है। इस टिप्पणी के बाद धार्मिक और राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने इस बयान पर आपत्ति जताई।
विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कुंडा में रामकथा भी चर्चा का विषय बनी, जिसके आयोजक राजा भैया थे। राजा भैया उन्हें अपनी गाड़ी में प्रयागराज से कुंडा लेकर पहुंचे थे। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री वृंदावन पहुंचे और अखिलेश यादव को कृष्ण भक्ति के संदर्भ में मथुरा-वृंदावन आने की बात कही।
अब बाबा रामदेव के इस तीखे बयान ने पूरे विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों, सनातन धर्म की व्याख्या और देवी-देवताओं की तुलना को लेकर बहस तेज हो गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि धर्म की व्याख्या करने वाले मंचों पर मर्यादा और अध्ययन की जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण है।











