HomeBreaking Newsचौथी रेल लाइन के काम के नाम पर यात्री ट्रेनों पर ब्रेक,...

चौथी रेल लाइन के काम के नाम पर यात्री ट्रेनों पर ब्रेक, आम जनता की परेशानी पर डबल इंजन सरकार मौन क्यों? – आम आदमी पार्टी

मालगाड़ियों के परिचालन की चिंता, लेकिन आम यात्रियों की सुविधा की अनदेखी; 6 से 18 दिसंबर तक ट्रेनें रद्द और कई का परिचालन सीमित होने से बढ़ेगी मुश्किलें

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का कार्य किए जाने के चलते 6 से 18 दिसंबर तक कोरबा और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द की जा रही हैं, जबकि कई का परिचालन बिलासपुर तक सीमित कर दिया गया है। वहीं कुछ ट्रेनों के घंटों देरी से चलने की संभावना है। इससे रोजाना रेल यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

- Advertisement -

इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी, छत्तीसगढ़ ने डबल इंजन सरकार और रेलवे प्रशासन को घेरते हुए सवाल उठाया है कि आखिर रेलवे के विकास कार्यों का खामियाजा हमेशा आम जनता को ही क्यों भुगतना पड़ता है? क्या सरकार ने उन हजारों यात्रियों की परेशानी के बारे में विचार किया है, जिनके लिए ट्रेन आवागमन का सबसे सस्ता और सुलभ साधन है?

पार्टी ने कहा कि रेलवे के बुनियादी ढांचे का विस्तार और चौथी रेल लाइन का निर्माण जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर यात्री सुविधाओं की अनदेखी उचित नहीं है। एक ओर उद्योगों और उद्योगपतियों के माल परिवहन के लिए मालगाड़ियों का परिचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आम यात्रियों की जरूरतों को प्राथमिकता देने में रेलवे पीछे क्यों नजर आ रहा है? क्या रेलवे की जिम्मेदारी केवल माल परिवहन तक सीमित रह गई है?

आम आदमी पार्टी ने कहा कि इन ट्रेनों के रद्द होने और परिचालन सीमित किए जाने से रोजाना काम पर जाने वाले कर्मचारियों, कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थियों, इलाज के लिए दूसरे शहरों का सफर करने वाले मरीजों तथा छोटे कारोबारियों की दिनचर्या प्रभावित होगी। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को होगी, जिनके पास आवागमन का कोई दूसरा किफायती विकल्प नहीं है।

आम आदमी पार्टी ने सरकार और रेलवे प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए ठोस वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। रद्द की गई ट्रेनों के स्थान पर अतिरिक्त यात्री ट्रेनें चलाई जाएं, प्रभावित मार्गों पर वैकल्पिक यातायात की व्यवस्था हो तथा ट्रेनों के समय में होने वाले बदलाव की जानकारी यात्रियों को पहले से स्पष्ट रूप से दी जाए।

पार्टी ने कहा कि रेलवे का विकास स्वागत योग्य है, लेकिन विकास की कीमत आम जनता की परेशानी बन जाए, यह स्वीकार्य नहीं है। सरकार और रेलवे प्रशासन को यह बताना चाहिए कि आखिर यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?

Must Read