HomeBreaking Newsचक्रवाती तूफान अकवान का असर, हसदेव नदी में जलभराव से पुन्नी मेला...

चक्रवाती तूफान अकवान का असर, हसदेव नदी में जलभराव से पुन्नी मेला स्थगित

24 नवंबर को पुरानी बस्ती हसदेव नदी तट पर होना था भव्य आयोजन, अब मकर संक्रांति के अवसर पर जनवरी में लगेगा पुन्नी मेला

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हुई बारिश और हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण 24 नवंबर को पुरानी बस्ती स्थित हसदेव नदी घाट पर आयोजित होने वाला पुन्नी मेला स्थगित कर दिया गया है। अब इस मेले का आयोजन जनवरी माह में मकर संक्रांति के अवसर पर किया जाएगा।

- Advertisement -

पुन्नी मेला आयोजन समिति की आज पुरानी बस्ती में आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सर्वसम्मति से आयोजन की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। दरअसल, चक्रवाती तूफान अकवान के कारण पिछले दो दिनों से हुई बारिश के चलते हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके मद्देनजर दर्री बराज के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। इससे पुरानी बस्ती, दुरपा रोड और इंदिरा नगर क्षेत्र के हसदेव नदी तट पर जलभराव की स्थिति बन गई है।

नदी घाट पर पानी भरने के साथ ही कीचड़ जमा होने से श्रद्धालुओं को आवागमन और पूजा-अर्चना में परेशानी हो सकती थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समिति ने 24 नवंबर को प्रस्तावित मेले को जनवरी में मकर संक्रांति के दिन आयोजित करने का फैसला लिया।

कोरबा में पहली बार सर्व समाज कोरबा की ओर से इतने भव्य स्तर पर पुन्नी मेले का आयोजन प्रस्तावित था। इसके लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और नदी में बढ़े जलस्तर के कारण तैयारियों के बीच आयोजन की तिथि बदलनी पड़ी।

आयोजन समिति के संयोजक एवं निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद टामेश अग्रवाल, पार्षद ईश्वर पटेल, एल्डरमैन रविशंकर शुक्ला, पार्षद रवि सिंह चंदेल, पार्षद रूबी देवी सागर सहित समिति के सदस्यों ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर पुन्नी मेले का आयोजन और भी भव्य तैयारियों के साथ किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से मौसम और नदी की स्थिति को देखते हुए लिए गए निर्णय में सहयोग करने की अपील की है।

Must Read