HomeBreaking Newsमुख्यमंत्री की पहल पर पटवारियों की हड़ताल स्थगित, वेतन विसंगति और पदोन्नति...

मुख्यमंत्री की पहल पर पटवारियों की हड़ताल स्थगित, वेतन विसंगति और पदोन्नति के लिए बनेगी उच्चस्तरीय समिति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए दिया समाधान का भरोसा, हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर भी होगा सहानुभूतिपूर्वक विचार

छत्तीसगढ़/रायपुर :-  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री ने पटवारी संघ के पदाधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके निराकरण के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और मांगों पर समाधान का भरोसा मिलने के बाद पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Must Read