आरबीसी 6-4 और फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता, सभी कलेक्टरों को दिए गए निर्देश
छत्तीसगढ़/रायपुर :- अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सरकार फसल क्षति का सर्वेक्षण कराकर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।











